उत्तराखंड

कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ, बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ रविवार सुबह मंगला आरती और मंदिर के कपाट खुलने के साथ हो गया। सुबह से ही देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर के बाहर देखने को मिलीं। भक्त भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए बाबा के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

इस बार भी मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे मेले क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

1500 से अधिक जवान संभाल रहे सुरक्षा व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस के साथ एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा तीन जिलों के एसएसपी और एसपी, सात अपर पुलिस अधीक्षक, 14 क्षेत्राधिकारी और वायरलेस विभाग के अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

करीब 1500 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, शटल प्वाइंट और प्रमुख मार्गों पर लगातार ड्यूटी दे रहे हैं।

यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान लागू

श्रद्धालुओं की सुविधा और जाम से बचाव के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। कैंची धाम की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

वहीं भीमताल, भवाली, सैनिटोरियम, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम से श्रद्धालुओं के लिए नॉन-स्टॉप शटल सेवाएं चलाई जा रही हैं। निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा कर शटल सेवा के माध्यम से ही कैंची धाम पहुंचना होगा। इसके साथ ही कैंची धाम रूट पर संचालित वाहनों के लिए येलो स्टीकर व्यवस्था भी लागू की गई है।

प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील
एसएसपी नैनीताल ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, धैर्य बनाए रखें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें, ताकि बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन की यात्रा सभी के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनी रहे।

आस्था और श्रद्धा के इस महापर्व में सुबह से ही कैंची धाम में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है और पूरा धाम बाबा के जयकारों से गूंज रहा है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *