उत्तराखंड

हरिद्वार में अमित शाह का दौरा: धामी सरकार के ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में 1100 करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात

खबर शेयर करें -

हरिद्वार।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को उत्तराखंड दौरे पर हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित “जन-जन की सरकार: चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम में भाग लिया। उनके राज्य आगमन पर जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद अमित शाह हरिद्वार के लिए रवाना हुए।

हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और राज्य को विकास की कई बड़ी सौगातें दीं। कार्यक्रम के दौरान करीब 1129.91 करोड़ रुपये की 39 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

राज्य सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी

कार्यक्रम स्थल पर राज्य सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण नीतिगत फैसलों को विभिन्न विभागों द्वारा मॉडल, फोटो और डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में सड़क व कनेक्टिविटी
विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा सुधार, पर्यटन विकास, निवेश प्रोत्साहन और सीमांत क्षेत्रों के विकास जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।

इसके साथ ही नए आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम — के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विशेष जानकारी दी गई। इन कानूनों का उद्देश्य नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और तकनीक आधारित न्याय व्यवस्था स्थापित करना है।

कार्यक्रम में शामिल हुए कई जनप्रतिनिधि

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व आम जनता मौजूद रही।

मुख्यमंत्री ने खुद संभाली तैयारियों की कमान

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मंच व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, पेयजल, बिजली और सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

गौरतलब है कि धामी सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम राज्य सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं को जनता के सामने रखने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *