Breaking Newsअन्य प्रदेशउत्तराखंड

हल्द्वानी में बढ़ी हलचल! कड़ी सुरक्षा के बीच बिहार से पहुंचीं चुनाव की सबसे अहम मशीनें, जानिए पूरा मामला

खबर शेयर करें -

बिहार के पश्चिमी चंपारण से जीपीएस ट्रैकिंग के जरिए हल्द्वानी पहुंचीं मशीनें, राजनीतिक दलों की मौजूदगी में वेयरहाउस में रखा गया सुरक्षित

हल्द्वानी, 18 जुलाई। उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियां अब तेजी से जमीन पर उतरने लगी हैं। इसी क्रम में जनपद नैनीताल को 1000 कंट्रोल यूनिट (Control Unit) और 700 वीवीपैट (VVPAT) इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें प्राप्त हो गई हैं। इन मशीनों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत हल्द्वानी स्थित ईवीएम वेयरहाउस में सुरक्षित रख दिया गया है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशों के अनुपालन में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत बिहार के पश्चिमी चंपारण जनपद से नैनीताल के लिए यह नई ईवीएम मशीनें आवंटित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि सभी मशीनों को जीपीएस युक्त वाहनों के माध्यम से ट्रैकिंग सिस्टम के साथ सुरक्षित रूप से हल्द्वानी लाया गया। जिले में पहुंचने के बाद प्रत्येक मशीन का इलेक्ट्रॉनिक रूप से डेटाबेस में पंजीकरण किया गया, जिससे उनकी निगरानी और रिकॉर्ड पूरी तरह पारदर्शी बना रहे।

इसके बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सभी 1000 कंट्रोल यूनिट और 700 वीवीपैट मशीनों को हल्द्वानी स्थित ईवीएम वेयरहाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मशीनों की स्कैनिंग, सत्यापन और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

प्रशासन के अनुसार ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। वेयरहाउस की चाबियां नियमानुसार कोषागार में उपजिलाधिकारी और तहसीलदार के माध्यम से सुरक्षित जमा कर दी गई हैं। पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के सुरक्षा मानकों और पारदर्शिता संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए संपन्न कराई गई।

आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को देखते हुए ईवीएम मशीनों का जनपद में पहुंचना चुनावी तैयारियों का एक महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले सुनिश्चित की जा रही हैं।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles