उत्तराखंड

हल्द्वानी:- पहले हेलमेट मुफ्त, अगली बार नहीं मिलेगी राहत! प्रशासन की दो टूक चेतावनी – बिना हेलमेट पकड़े गए तो होगा वाहन सीज

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। सड़क हादसों में हो रही मौतों पर लगाम लगाने के लिए हल्द्वानी में जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को रोककर मुफ्त हेलमेट वितरित किए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यह अंतिम मौका है, अगली बार बिना हेलमेट पकड़े जाने पर वाहन सीज समेत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण लोगों की जान चली जाती है, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है।

अभियान के दौरान क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की टीम ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को रोककर उन्हें हेलमेट वितरित किए और सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई। अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करना है।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि फिलहाल लोगों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। यदि कोई चालक दोबारा बिना हेलमेट वाहन चलाते हुए पकड़ा गया तो उसका वाहन सीज करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को केवल कानून नहीं, बल्कि अपने और अपने परिवार के जीवन की सुरक्षा से जोड़कर देखें। “हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें और यातायात नियमों का पालन करें”—इसी संदेश के साथ प्रशासन ने सभी लोगों से सहयोग की अपील की है।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles