रामनगर से देहरादून के बीच सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ आज, केंद्रीय रेल मंत्री करेंगे वर्चुअल उद्घाटन

रामनगर। उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए आज बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रामनगर रेलवे स्टेशन से रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस सीधी रेल सेवा का शुभारंभ करेंगे। इस नई ट्रेन के संचालन से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सफर पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।
रेलवे के अनुसार, रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। ट्रेन रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वहीं वापसी में यह ट्रेन देहरादून से दोपहर 3:55 बजे प्रस्थान कर रात्रि 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
अपने निर्धारित मार्ग में यह एक्सप्रेस ट्रेन दोनों दिशाओं में काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
इस नई रेल सेवा के शुरू होने से पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से कुमाऊं से देहरादून के लिए सीधी रेल सेवा की मांग की जा रही थी, जिसे अब रेलवे ने पूरा कर दिया है।



