उत्तराखंड

हल्द्वानी: कोटाबाग में प्रशासन का बड़ा एक्शन, 19 कमरों वाला ड्रीम लैंड रिसोर्ट सील

खबर शेयर करें -

कालाढूंगी/कोटाबाग। नैनीताल जनपद के कोटाबाग क्षेत्र में तहसील प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित रिसोर्टों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 कमरों वाले ड्रीम लैंड रिसोर्ट को सील कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना नियमों का पालन कर संचालित हो रहे अन्य प्रतिष्ठानों में भी हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीएम कालाढूंगी सुधीर कुमार के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने कोटाबाग स्थित ड्रीम लैंड रिसोर्ट पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच के बाद नियमानुसार रिसोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार पर सील लगा दी गई।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार पूजा शर्मा सहित राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन ने बताया कि रिसोर्ट के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोटाबाग और आसपास के क्षेत्रों में संचालित अन्य रिसोर्टों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच जारी है। यदि किसी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन या आवश्यक अनुमति के बिना संचालन पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी सीलिंग सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

तहसील प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित रिसोर्टों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हलचल तेज हो गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles