देहरादून (बड़ी खबर): 17 जुलाई से शुरू होगी शिक्षकों के अनुरोध आधारित तबादलों की प्रक्रिया, 10 विकल्प देना होगा अनिवार्य

देहरादून। उत्तराखंड के माध्यमिक शिक्षा विभाग ने अनुरोध (Request) के आधार पर होने वाले शिक्षकों के तबादलों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रदेश के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापक (एलटी) अब 17 जुलाई 2026 से तबादले के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के साथ प्रत्येक शिक्षक को अपनी पसंद के 10 विद्यालयों/स्थानांतरण विकल्प देना अनिवार्य होगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टी ने इस संबंध में प्रदेश के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों (सीईओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि अनुरोध आधारित तबादलों की प्रक्रिया पूरी करने के लिए विभाग को 55 दिनों का अतिरिक्त समय मिला है। पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण वंदना गर्त्याल को विभागीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनकी अध्यक्षता में गठित समिति तय समय-सारिणी के अनुसार स्थानांतरण प्रक्रिया को संपन्न कराएगी।
15 जुलाई को जारी होगी रिक्त पदों की सूची
शिक्षा विभाग के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों में रिक्त पदों की सूची 15 जुलाई को विभागीय वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इसके आधार पर तबादला चाहने वाले शिक्षक अपने 10 विकल्पों का चयन कर आवेदन कर सकेंगे।
यह रहे आवेदन की पूरी समय-सारिणी
15 जुलाई: रिक्त पदों की सूची विभागीय वेबसाइट पर अपलोड।
17 जुलाई: अनुरोध आधारित तबादलों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू।
20 जुलाई (शाम 5 बजे तक): शिक्षक आवेदन संस्थाध्यक्ष के माध्यम से संबंधित बीईओ कार्यालय में जमा करेंगे।
24 जुलाई तक: बीईओ सभी आवेदन मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) को भेजेंगे।
30 जुलाई तक: सीईओ एलटी शिक्षकों की सूची मंडलीय अपर निदेशक को भेजेंगे, जबकि प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक एवं प्रवक्ताओं की सूची माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को भेजी जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए इच्छुक शिक्षकों को समय सीमा के भीतर ही आवेदन करना होगा।
अटल उत्कृष्ट विद्यालयों के लिए अलग व्यवस्था
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में कार्यरत प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापक (एलटी) के तबादले 7 जुलाई 2022 को जारी शासनादेश में निहित व्यवस्था के अनुसार ही किए जाएंगे।
शिक्षा विभाग का कहना है कि तबादला प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराया जाएगा।



