नैनीताल जिले से 37 श्रद्धालुओं का दल विशेष ट्रेन यात्रा से सोमनाथ लिए रवाना, सांसद अजय भट्ट ने दिखाई हरी झंडी

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026” के तहत सोमवार को नैनीताल जिले के 37 चयनित श्रद्धालुओं का दल हल्द्वानी से देहरादून के लिए रवाना हुआ। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन पर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया और सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना उन लोगों के लिए किसी सौभाग्य से कम नहीं है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यात्रियों के लिए आने-जाने, रहने, भोजन, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु भगवान सोमनाथ के दर्शन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, उन्नति तथा सभी के कल्याण की कामना करेंगे।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु देहरादून पहुंचेंगे, जहां उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से आए यात्रियों का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से श्रद्धालु अपने-अपने क्षेत्र का पवित्र जल कलश में भरकर सोमनाथ धाम ले जाएंगे। यह यात्रा राज्य सरकार की ओर से पूर्णतः निःशुल्क संचालित की जा रही है, जिसमें वातानुकूलित (एसी) रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की संपूर्ण व्यवस्था सरकार द्वारा की गई है।
यात्रा में महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, युवा, स्वयंसेवक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े जनसेवा कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि नैनीताल जिले से इस यात्रा में 14 महिलाएं और 23 पुरुष, कुल 37 श्रद्धालु शामिल हुए हैं।
इस दौरान उत्तराखण्ड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, खण्ड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



