उत्तराखंड

उत्तराखंड:- उत्तराखंड छात्रवृत्ति घोटाला: करोड़ों की गड़बड़ी की जांच शुरू, 19 शिक्षण संस्थानों पर मुकदमा

खबर शेयर करें -

68 लाख रुपये की अनियमितता सामने आने के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस, एसएसपी ने एसआईटी गठित कर शुरू कराई जांच

हरिद्वार। उत्तराखंड में अल्पसंख्यक छात्रों के लिए संचालित केंद्र पोषित छात्रवृत्ति योजनाओं में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। हरिद्वार जिले में छात्रवृत्ति वितरण में गंभीर अनियमितताओं के आरोप में 19 शिक्षण संस्थानों के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें स्कूल, कॉलेज और निजी आईटीआई संस्थान शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में जिले में करीब 68 लाख रुपये की वित्तीय गड़बड़ी सामने आई है।

यह मामला वर्ष 2021-22 और 2022-23 में राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं से जुड़ा है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर कई संस्थान संदिग्ध पाए जाने के बाद केंद्र सरकार ने जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद उत्तराखंड शासन ने भी मामले की विस्तृत जांच के आदेश जारी किए।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 संस्थानों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मामलों में 8 स्कूल/मदरसे, 6 कॉलेज एवं इंस्टीट्यूट और 5 निजी आईटीआई शामिल हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। सीओ सदर एसपी बलूनी को एसआईटी का प्रभारी बनाया गया है, जबकि सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह सहित एसआईएस के एक दरोगा और तीन सिपाहियों को भी जांच टीम में शामिल किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि एसआईटी पूरे मामले की गहन जांच करेगी। जांच के दौरान यदि और संस्थानों या व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles