उत्तराखंड

उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, इन जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश के आसार

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। जगह-जगह मलबा और पत्थर गिरने से सड़कें बाधित हो रही हैं, जबकि नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य पर्वतीय जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।

राजधानी देहरादून में दिनभर बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ घंटों में मौसम अचानक बदल सकता है और कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। भूस्खलन से प्रभावित सड़कों को जल्द से जल्द सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों और राहत-बचाव टीमों को पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है।

प्रशासन ने प्रदेशवासियों और यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें। नदी, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से भी मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

बारिश का यह दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles