हल्द्वानी में SSP का बड़ा एक्शन, दुष्कर्म केस में लापरवाही पर लालकुआं थाने कि महिला दरोगा अंजू नेगी निलंबित

हल्द्वानी (उत्तराखंड कुमाऊँ)।
महिला अपराधों को लेकर उत्तराखंड पुलिस की सख्त नीति एक बार फिर सामने आई है। हल्द्वानी में एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में लापरवाही बरतने पर लालकुआं थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक अंजू नेगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2025 में लालकुआं थाने में एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की विवेचना के दौरान आरोप है कि विवेचना अधिकारी महिला एसआई अंजू नेगी द्वारा आरोपी भगवत सरण को अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिससे निष्पक्ष जांच पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
मामले की आंतरिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बिना किसी देरी के सख्त कदम उठाते हुए महिला दरोगा को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने साफ शब्दों में कहा कि महिला अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, ढिलाई या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा उत्तराखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।
इस कार्रवाई को उत्तराखंड पुलिस का कड़ा संदेश माना जा रहा है कि दुष्कर्म जैसे संवेदनशील मामलों में जांच से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।






