अन्य प्रदेशउत्तराखंडदेश

मालवीय नगर अग्निकांड: 21 लोगों की मौत, कई घायल; मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक

खबर शेयर करें -

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल-रेस्तरां परिसर में बुधवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। हादसे के समय होटल और रेस्टोरेंट में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार आग होटल परिसर के निचले हिस्से में स्थित रेस्टोरेंट से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरे भवन में फैल गई। आग और धुएं के कारण कई लोग अंदर फंस गए। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कई लोग झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुई इस भीषण आगजनी की घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, “मालवीय नगर, दिल्ली स्थित होटल में हुई आगजनी की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं।

ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें। सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में उत्तराखंड के नैनीताल निवासी एक व्यक्ति की भी मृत्यु हुई है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन मृतकों की पहचान और घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है। वहीं घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *