केदारनाथ, बद्रीनाथ, मसूरी समेत कई क्षेत्रों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी, यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने रविवार शाम अगले तीन घंटों के लिए तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए प्रदेश के सात पर्वतीय जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। मौसम विभाग के अनुसार 21 जून शाम 4:11 बजे से 7:11 बजे तक कई क्षेत्रों में तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम अचानक खराब हो सकता है। विशेष रूप से केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री, मसूरी, ऋषिकेश, सोनप्रयाग, देवप्रयाग, श्रीनगर, देवाल, कपकोट, डीडीहाट, मुनस्यारी, चिरबासा, पुलम सुमड़ा, बड़कोट और कौसानी सहित आसपास के इलाकों में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा मार्गों और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं व पर्यटकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम की ताजा जानकारी पर लगातार नजर बनाए रखें।
प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही मौसम विभाग लगातार अलर्ट जारी कर रहा है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।





