लालकुआं:- डोर्बी ग्राउंड बना योगमय, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिखा उत्साह”योग के रंग में रंगा लालकुआं, लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास; स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प”


लालकुआं। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लालकुआं के डोर्बी ग्राउंड में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “Healthy for Ageing” रखी गई, जिसके तहत स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए योग के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार और विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि आज योग केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया इसे अपना रही है।
दीपेंद्र कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग नियमित रूप से योग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी आधार है। वर्तमान जीवनशैली में हर व्यक्ति के लिए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
योग दिवस के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भी योग शिविर आयोजित किए गए, जहां हजारों लोगों ने योग की विभिन्न विधाओं का अभ्यास कर स्वस्थ रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में योग के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।







