मसूरी-देहरादून मार्ग पर दर्दनाक हादसा, 50 मीटर गहरी खाई में गिरा पानी का टैंकर; चालक की मौत

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। गज्जी बैंड के पास एक पानी का टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय मसूरी पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अक्षय असवाल (25) निवासी मसूरी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक टैंकर मसूरी झील से पानी भरकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान गज्जी बैंड के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सीधे खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।





