NEET परीक्षा को लेकर उत्तराखंड सरकार अलर्ट, परीक्षार्थियों के लिए निशुल्क बस सेवा समेत विशेष इंतजाम: सीएम धामी

देहरादून। उत्तराखंड में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET को लेकर राज्य सरकार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
देहरादून में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि NEET लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी एक महत्वपूर्ण परीक्षा है, इसलिए राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को आवागमन में किसी तरह की दिक्कत न हो।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और परिवहन विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई है और सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।
सीएम धामी ने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है और परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न हो।






