गोपनीय दौरे से बढ़ी सियासी हलचल! भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अचानक पहुंचे मसूरी, 2027 चुनावी रणनीति पर हुई अहम बैठक

मसूरी: उत्तराखंड की सियासत में सोमवार को उस समय हलचल मच गई, जब भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अचानक मसूरी पहुंच गए। उनका यह दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। यहां तक कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को भी उनके आगमन की पूर्व जानकारी नहीं थी। ऐसे में इस अचानक दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मसूरी में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर संगठन की जमीनी स्थिति, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता और संगठन की गतिविधियों पर फीडबैक भी लिया।
बैठक में मौजूद नेताओं ने बताया कि कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी के नेतृत्व में क्षेत्र में सड़क, पेयजल, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जिनकी जनता के बीच सकारात्मक चर्चा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विकास कार्यों और संगठन की सक्रियता की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनसे वर्ष 2027 में फिर से मसूरी आने का आग्रह भी किया, जिस पर उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर काम करने का संदेश दिया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस दौरे को आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक बताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के अचानक और गोपनीय दौरे ने उत्तराखंड की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।






