लालकुआं में शोक की लहर: विधायक डॉ. मोहन बिष्ट के सहयोगी सोनू पांडे का निधन

लालकुआं। वरिष्ठ समाजसेवी एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन बिष्ट के करीबी सहयोगी सोनू पांडे का निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पूरे लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता के इंदिरा नगर निवासी 30 वर्षीय सोनू पांडे की बुधवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जानकारी में विषाक्त पदार्थ के सेवन की बात सामने आ रही है, हालांकि इसके कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
सोनू पांडे पिछले लगभग 15 वर्षों से विधायक डॉ. मोहन बिष्ट के निकट सहयोगी रहे और क्षेत्र के सामाजिक व जनहित कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। अपने मिलनसार स्वभाव और सेवा भावना के कारण वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। किसी भी सामाजिक, धार्मिक या जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम में उनकी सक्रिय मौजूदगी देखने को मिलती थी।
उनके निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर लोगों का तांता लग गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया है।
सोनू पांडे का असमय निधन उनके परिवार, मित्रों और पूरे लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के लिए गहरा आघात है। क्षेत्रवासियों ने उन्हें एक ऐसे युवा के रूप में याद किया जो हमेशा दूसरों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहता था।
(फाइल फोटो: सोनू पांडे)





