उत्तराखंड: 7 हजार से अधिक राशन कार्ड निरस्त, 31 हजार से ज्यादा यूनिट भी समाप्त इस जिले में देखें पूरी रिपोर्ट।

पौड़ी। जनपद पौड़ी में राशन कार्डों के व्यापक सत्यापन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। अपात्र, मृतक, स्थानांतरित और अन्य श्रेणियों के लाभार्थियों की पहचान करते हुए अब तक 7,799 राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए हैं। इसके साथ ही इन राशन कार्डों से जुड़ी 31,268 यूनिट भी समाप्त कर दी गई हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों में लगातार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान अंत्योदय अन्न योजना के 609 राशन कार्ड और 2,038 यूनिट, प्राथमिक परिवार श्रेणी के 3,997 राशन कार्ड और 18,110 यूनिट, जबकि राज्य खाद्य योजना के 3,193 राशन कार्ड और 11,120 यूनिट निरस्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर जिले में 7,799 राशन कार्डों और उनसे संबद्ध 31,268 यूनिटों को समाप्त किया गया है। सत्यापन अभियान के दौरान कोटद्वार क्षेत्र में सबसे अधिक कार्रवाई की गई है।
प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा।







