उत्तराखंड में समय से पहले विधानसभा चुनाव की चर्चा तेज, क्या कुंभ और जनगणना बदलेंगे चुनावी समीकरण?

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में इन दिनों समय से पहले विधानसभा चुनाव की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। हालांकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 तक है, लेकिन जनवरी 2027 में प्रस्तावित हरिद्वार कुंभ और उसके बाद होने वाली जनगणना को देखते हुए चुनावी कार्यक्रम में बदलाव की अटकलें लगाई जा रही हैं।
हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा या संकेत नहीं मिला है, लेकिन प्रदेश में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता ने इन चर्चाओं को और तेज कर दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कुंभ मेले के दौरान प्रशासनिक मशीनरी बड़े पैमाने पर व्यवस्थाओं में व्यस्त रहती है और उसके तुरंत बाद जनगणना की प्रक्रिया शुरू होनी है। ऐसे में चुनाव आयोग प्रशासनिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कोई विशेष निर्णय ले सकता है।
बीजेपी चुनावी मोड में
सत्ताधारी बीजेपी का कहना है कि पार्टी हर परिस्थिति में चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी के मुताबिक बीजेपी हमेशा चुनावी मोड में काम करती है और संगठन लगातार बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।
हाल ही में राष्ट्रीय नेतृत्व के उत्तराखंड दौरे के बाद संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आई है। पार्टी ने 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं, जिनका उद्देश्य सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है।
कांग्रेस ने कहा- चुनाव कभी भी हों, हम तैयार
वहीं कांग्रेस इन अटकलों को ज्यादा महत्व नहीं दे रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि चुनाव तय समय पर हों या समय से पहले, कांग्रेस लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय है और पूरी तरह तैयार है।
कांग्रेस का दावा है कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और जनसरोकारों के मुद्दों पर जनता सरकार से नाराज है, जिसका लाभ आगामी चुनाव में पार्टी को मिलेगा।
साथ ही कांग्रेस ने खुद को संगठनात्मक रूप से मजबूत बताते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार जनता के मुद्दों को उठा रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों की राय
वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक कुलदीप राणा का कहना है कि अभी तक समय से पहले चुनाव को लेकर कोई आधिकारिक संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन कुंभ, जनगणना और प्रशासनिक कारणों को देखते हुए इस संभावना से पूरी तरह इनकार भी नहीं किया जा सकता।
फिलहाल चर्चा जारी
फिलहाल उत्तराखंड में समय से पहले विधानसभा चुनाव होंगे या तय समय पर, इसका फैसला भविष्य में चुनाव आयोग और परिस्थितियां तय करेंगी। लेकिन इतना तय है कि इन चर्चाओं ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है और सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
फोटो सोर्स :- सोशल मिडिया





