देहरादून: वाहन चालक भर्ती परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी, 7 जून तक दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां


देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने वाहन चालक/प्रवर्तन चालक भर्ती परीक्षा की औपबंधिक उत्तर-कुंजी (Provisional Answer Key) जारी कर दी है। आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या-75/उ०अ०से०च०आ०/2026 दिनांक 10 अप्रैल 2026 के अंतर्गत विज्ञापित पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा 31 मई 2026 को आयोजित की गई थी।
आयोग ने परीक्षा के चारों प्रश्नपत्र सेट (A, B, C और D) की प्रोविजनल उत्तर-कुंजी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अभ्यर्थियों के अवलोकन हेतु उपलब्ध करा दी है।
परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी उत्तर-कुंजी का मिलान कर सकते हैं तथा किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति होने की स्थिति में 3 जून 2026 से 7 जून 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना प्रत्यावेदन दर्ज करा सकते हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आपत्तियां केवल निर्धारित ऑनलाइन प्रारूप में ही स्वीकार की जाएंगी। इसके लिए 3 जून को वेबसाइट पर विशेष लिंक सक्रिय किया जाएगा। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज करने के लिए अभ्यर्थियों को 50 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
अभ्यर्थियों को अपनी आपत्तियों के समर्थन में प्रमाणिक दस्तावेज एवं साक्ष्य अपलोड करना भी अनिवार्य होगा। आयोग ने कहा है कि डाक, ई-मेल अथवा अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
आयोग के अनुसार 7 जून 2026 को शाम 5 बजे के बाद प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति अथवा प्रत्यावेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।






