चंपावत में भीषण सड़क हादसा: 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, आग लगने से दो की मौत, महिला समेत दो बच्चे गंभीर घायल

खटीमा/चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। लोहाघाट से आगे बापरू क्षेत्र के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरते ही वाहन में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी से पिथौरागढ़ के कनालीछीना की ओर जा रही कार मरोड़ाखान से लगभग दो किलोमीटर आगे बंतोली गांव के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग से गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना के बाद वाहन में जोरदार धमाका हुआ और उसमें आग लग गई।
हादसे में वाहन चालक राजेंद्र कुमार (48), निवासी डीडीहाट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बलदेव कुमार (36), निवासी कनालीछीना, पिथौरागढ़ की कार में आग लगने से जलकर मृत्यु हो गई।
वहीं, नीतू देवी (36) पत्नी बलदेव कुमार, उनकी 8 वर्षीय पुत्री अक्षिता और 5 वर्षीय पुत्र आरव गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को आपातकालीन वाहन से उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






