लालकुआं , बिंदुखत्ता में राशन कार्ड सत्यापन से मचा हड़कंप, तीन दिन में 114 अपात्र कार्डधारक चिन्हित

तिवारी नगर, शास्त्री नगर समेत पांच क्षेत्रों में जांच; बुधवार को 736 कार्डों के सत्यापन में 74 अपात्र पाए गए

लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र में चल रहे राशन कार्ड सत्यापन अभियान ने सरकारी खाद्यान्न योजनाओं में हो रहे दुरुपयोग की पोल खोलनी शुरू कर दी है। महज तीन दिनों के भीतर 1,237 राशन कार्डों की जांच में 114 कार्डधारक अपात्र पाए गए हैं। बड़ी संख्या में अपात्र लाभार्थियों के सामने आने के बाद प्रशासन ने अभियान को और तेज कर दिया है।
उपजिलाधिकारी न्यायिक एवं नोडल अधिकारी रेखा कोहली के निर्देश पर गठित चार विशेष टीमें लगातार घर-घर जाकर राशन कार्डों का सत्यापन कर रही हैं। बुधवार को तिवारी नगर, शास्त्री नगर, हथीखाना, बजरी कंपनी और बंगाली कॉलोनी क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 736 राशन कार्डों का सत्यापन किया गया, जिनमें 74 कार्ड अपात्र पाए गए।
जांच में 65 प्राथमिक परिवार (पीएचएच) श्रेणी के सफेद कार्ड, 3 राज्य खाद्य योजना के पीले कार्ड तथा 6 अंत्योदय राशन कार्ड अपात्र श्रेणी में पाए गए हैं। प्रशासन ने सभी मामलों में विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सत्यापन के दौरान ऐसे कई परिवार भी सामने आए, जिनके सदस्य निजी कंपनियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों अथवा अन्य आय के स्रोतों से जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद वे लंबे समय से सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ ले रहे थे।
अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन अभियान पूरा होने के बाद सभी अपात्र राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वेच्छा से भी जमा हो रहे राशन कार्ड
क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने बताया कि राशन विक्रेताओं से प्राप्त जानकारी के अनुसार कई परिवार स्वयं आगे आकर अपने सफेद और पीले राशन कार्ड जमा कर रहे हैं। उन्होंने अपील की कि जो परिवार अब पात्रता मानकों के दायरे में नहीं आते हैं, वे स्वेच्छा से कार्ड जमा कर दें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।
एक माह तक चलेगा अभियान
उपजिलाधिकारी रेखा कोहली ने बताया कि राशन कार्ड सत्यापन अभियान अगले एक माह तक जारी रहेगा। इसके लिए चार टीमों का गठन किया गया है, जो चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक घर तक पहुंचकर जांच कर रही हैं। सत्यापन के बाद अपात्र कार्डों को निरस्त कर पूरी रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को भेजी जाएगी।
वर्तमान में बिंदुखत्ता क्षेत्र में 9,645 सफेद, 211 अंत्योदय तथा 5,439 पीले राशन कार्ड संचालित हैं। प्रशासन का कहना है कि अपात्र लोगों द्वारा सरकारी राशन लेने से वास्तविक जरूरतमंद परिवारों का हक प्रभावित होता है, इसलिए अभियान को पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है।
फोटो कैप्शन:
तिवारी नगर, शास्त्री नगर, हथीखाना, बजरी कंपनी और बंगाली कॉलोनी में घर-घर जाकर राशन कार्डों का सत्यापन करती प्रशासनिक टीम।





