उत्तराखंडधर्मधर्म/संस्कृति

धर्मनगरी हरिद्वार में ‘बार’ का बोर्ड लगते ही मचा बवाल! फिल्म शूटिंग के बीच लोगों का फूटा गुस्सा, आनन-फानन में हटाना पड़ा बोर्ड

खबर शेयर करें -

हरिद्वार:।

धर्मनगरी हरिद्वार में फिल्म की शूटिंग के दौरान लगा एक ‘बार एंड रेस्टोरेंट’ का बोर्ड विवाद का कारण बन गया। जैसे ही स्थानीय लोगों की नजर इस बोर्ड पर पड़ी, मौके पर भारी विरोध शुरू हो गया। व्यापारियों, पार्षदों और समाजसेवियों ने फिल्म निर्माताओं और भवन संचालकों के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। बढ़ते हंगामे के बीच आखिरकार बोर्ड से ‘बार’ शब्द हटाना पड़ा, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

बताया जा रहा है कि हरिद्वार के एक भवन में मुंबई से आई टीम किसी फिल्म की शूटिंग कर रही थी। एक दृश्य की शूटिंग के लिए होटल के बाहर ‘बार एंड रेस्टोरेंट’ का बोर्ड लगाया गया था। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और धार्मिक नगरी की गरिमा का हवाला देते हुए इसका विरोध शुरू कर दिया।

विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि हरिद्वार आस्था और सनातन संस्कृति का केंद्र है, जहां मांस और मदिरा पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। ऐसे में फिल्म की शूटिंग के नाम पर इस तरह का बोर्ड लगाना शहर की धार्मिक छवि को नुकसान पहुंचाने जैसा है।

*‘धर्मनगरी की मर्यादा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’*

मां गंगा व्यापार मंडल के अध्यक्ष कशिश भाटिया ने कहा कि हरिद्वार की पहचान उसकी धार्मिक पवित्रता है। फिल्म की शूटिंग के लिए भी ऐसा बोर्ड लगाना अनुचित है। लोगों के विरोध के बाद बोर्ड से ‘बार’ शब्द हटाया गया।

वहीं समाजसेवी करण पंडित ने कहा कि मां गंगा के तट पर इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस शहर की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने भी इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हरिद्वार की पवित्रता को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी प्रयास का शहरवासी मिलकर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में स्थानीय स्तर पर भी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

हालांकि फिल्म का नाम और शूटिंग की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म से जुड़े लोग परमिशन होने की बात कहते नजर आए, लेकिन स्थानीय लोगों के कड़े विरोध के चलते विवादित बोर्ड को तुरंत हटाना पड़ा।

फोटो सोर्स :- सोशल मीडिया

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *