हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: पानी की टंकी में दम घुटने से मां और दो बेटों की मौत, पूरे इलाके में मातम

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बेसमेंट में बनी पानी की टंकी की सफाई के दौरान दम घुटने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके दो बेटे शामिल हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर की पानी की टंकी का लेंटर खोलने और सफाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति टंकी के भीतर उतरा, लेकिन अंदर मौजूद जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे बचाने के प्रयास में परिवार के दो अन्य सदस्य भी टंकी में उतर गए, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद तीनों को टंकी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बंद टंकी के भीतर जहरीली गैस जमा होने और ऑक्सीजन की कमी के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना के बाद गौलापार क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे बंद स्थानों में सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



