रामनगर: कोसी बैराज में दर्दनाक हादसा, नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत

रामनगर। उत्तराखंड के रामनगर स्थित कोसी बैराज में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने गए दो युवकों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, हिम्मतपुर ब्लॉक निवासी अंकित पुत्र प्रेम सिंह और मयंक पुत्र भारत सिंह असवाल कोसी बैराज में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज गहराई और पानी के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदियों, बैराज और अन्य जलाशयों में नहाने से बचें तथा गहरे पानी वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।







