चारधाम यात्रा पर लगा ब्रेक: भारी बारिश और भूस्खलन के चलते सरकार का बड़ा फैसला, यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और जगह-जगह भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए चारधाम यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ही रोका जाए।
राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग और संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं। यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ मार्ग पर भूस्खलन के चलते आवाजाही प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने भी कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद सरकार ने एहतियातन यह निर्णय लिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा केवल मौसम और सड़क की स्थिति सामान्य होने के बाद ही दोबारा शुरू की जाएगी। पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।
सरकार ने यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम पूरी तरह सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रुकने की अपील की है। प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है और सड़कें खुलते ही यात्रा को चरणबद्ध तरीके से फिर शुरू किया जाएगा।





