उत्तराखंड : कर एवं राजस्व निरीक्षक के 29 पदों पर भर्ती, आवेदन शुरू

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने शहरी विकास विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड पालिका (केंद्रीकृत) राजस्व सेवा में कर एवं राजस्व निरीक्षक (Tax & Revenue Inspector) के 29 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी UKPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 4 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 12 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन संशोधन का अवसर दिया जाएगा।
इन पदों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र होंगे। अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य / ओबीसी / ईडब्ल्यूएस: ₹166.36
एससी / एसटी: ₹76.36
दिव्यांग: ₹16.36
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि भर्ती परीक्षा में उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम-2023 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें और अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन कर लें।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है, क्योंकि कर एवं राजस्व निरीक्षक के पद शहरी विकास विभाग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से जुड़े होते हैं।



