उत्तराखंड में अगले 15 घंटे भारी, 5 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट; केदारनाथ-बदरीनाथ समेत कई इलाकों में खतरे की आशंका


देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। अगले 15 घंटों के दौरान राज्य के चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, तेज़ आंधी-तूफान और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में बहुत तेज़ से लेकर अत्यधिक तेज़ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार पुरोला, बड़कोट, गंगोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ, सोनप्रयाग, थराली, नंदा देवी पर्वत क्षेत्र, मुनस्यारी, बेरीनाग, गंगोलीहाट, डीडीहाट, जसपुर, रुद्रपुर, खटीमा तथा आसपास के इलाकों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चलने की भी आशंका है।
लगातार और तेज़ बारिश के कारण पर्वतीय जिलों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, नदी-नालों के उफान पर आने और सड़क मार्ग बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। विशेष रूप से चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।





