“डालनवाला थाने में सीएम धामी की सख़्त कार्रवाई, लापरवाह थानेदार लाइन हाजिर—जनसेवा में ढिलाई अक्षम्य”

देहरादून |
देहरादून स्थित डालनवाला पुलिस स्टेशन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अचानक औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानेदार के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सख़्त शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था और जनसेवा में किसी भी स्तर की लापरवाही अक्षम्य है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई तय है।
औचक निरीक्षण से खुली व्यवस्था की पोल
विभिन्न बैठकों के बाद अचानक थाने पहुंचे मुख्यमंत्री ने थाने की सम्पूर्ण कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। ड्यूटी रजिस्टर, उपस्थिति रजिस्टर और एफआईआर रजिस्टर की बारीकी से जांच करते हुए उन्होंने दर्ज मामलों की कार्रवाई, फॉलोअप और लंबित प्रकरणों की स्थिति जानी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिकायत पर समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री ने थाने में मौजूद कई शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को चेताया कि शिकायतों को औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसेवा का दायित्व समझकर दर्ज किया जाए और उनका प्रभावी समाधान किया जाए।
महिला हेल्प डेस्क पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री महिला हेल्प डेस्क पर भी पहुंचे और महिला फरियादियों से बातचीत कर उनकी शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताते हुए किसी भी प्रकार की ढिलाई पर सख़्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
बंदी गृह की गंदगी पर नाराज़गी
थाने के बंदी गृह में गंदगी और अव्यवस्था पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल साफ-सफाई और मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस थाने की स्थिति ही शासन-प्रशासन की कार्य संस्कृति को दर्शाती है।
ट्रैफिक और अपराध नियंत्रण पर सख़्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने वाहन जांच अभियान, वेरिफिकेशन ड्राइव और अपराध नियंत्रण से जुड़ी कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन अभियानों में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए जिम्मेदारी तय करने के आदेश दिए।
एसएसपी मौके पर पहुंचे
मुख्यमंत्री के निर्देश पर एसएसपी देहरादून तत्काल पुलिस स्टेशन पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
सीएम धामी का सख़्त संदेश
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़ा हर अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और जनहित में सख़्त से सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।







