

हल्दुचौड़ (नैनीताल)।
देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के 64वें स्थापना दिवस का आयोजन शुक्रवार को 34वीं वाहिनी, हल्दुचौड़ के परिसर में बड़े उत्साह और अनुशासन के साथ मनाया गया।

कमांडेंट श्री अनिल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह के दौरान जवानों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और मातृभूमि की सेवा का संकल्प दोहराया।

स्थापना दिवस के अवसर पर वाहिनी परिसर देशभक्ति के रंगों में रंगा नजर आया। फिट इंडिया कैंपेन के तहत हिमवीर परिवारों के बीच कई खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों ने 100 मीटर दौड़, बोरा रेस और तीन टांग रेस में अपनी प्रतिभा दिखाई। महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता और मीना बाजार कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे।

आयोजन का उद्देश्य जवानों व उनके परिवारों के बीच स्वास्थ्य, स्वच्छता और एकजुटता का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर सहायक कमांडेंट श्री शेखर चंद्र पुनेठा, अन्य अधिकारीगण, हिमवीर जवान, उनके परिजन और सेवानिवृत्त पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर संगठन की गौरवशाली परंपरा और बलिदान भावना को नमन किया।





