उत्तराखंड

लमगड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, 4 की मौत, 2 गंभीर घायल; एयर एम्बुलेंस से हल्द्वानी भेजे गए घायल

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी/अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।

ग्राम बलिया-बैगनिया मोटर मार्ग पर चायखान के पास एक अल्टो कार (UK04Z-5819) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार कार में कुल छह लोग सवार थे, जो ग्राम विशौद बैगनिया से अपने गांव बलिया लौट रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही लमगड़ा थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक पुलिस टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुंचाया गया।

*चार लोगों की मौके पर मौत*

हादसे में राजेंद्र सिंह बिलवाल (40 वर्ष) पुत्र नारायण सिंह, जगदीश सिंह (35 वर्ष) पुत्र लछम सिंह, लछम सिंह (56 वर्ष) पुत्र प्रताप सिंह तथा पान सिंह (55 वर्ष) पुत्र विशन सिंह, सभी निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

*दो गंभीर घायल, एयर एम्बुलेंस से हल्द्वानी रेफर*

घायलों में गोपाल सिंह (45 वर्ष) पुत्र खीम सिंह तथा सचिन सिंह बिलवाल (18 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र सिंह बिलवाल शामिल हैं। दोनों की हालत गंभीर होने पर पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस/हेलीकॉप्टर के माध्यम से हल्द्वानी भेजा गया।

हेलीकॉप्टर हल्द्वानी के एफटीआई हेलीपैड पर उतरा, जहां तहसीलदार कुलदीप पांडेय और सुशीला तिवारी अस्पताल की मेडिकल टीम पहले से मौजूद थी। प्राथमिक चिकित्सा के बाद दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

*पुलिस जांच में जुटी*

पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे लमगड़ा और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहन जांच की मांग की है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *