उत्तराखंड

ऊधमसिंह नगर में 1,872 परिवारों का घर का सपना होगा साकार, बागवाला के पीएम आवासों का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण

खबर शेयर करें -

₹156 करोड़ की लागत से तैयार आवासों का जल्द होगा लोकार्पण, लाभार्थियों को सौंपी जाएंगी चाबियां

रुद्रपुर/ऊधमसिंह नगर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपना आशियाना पाने का इंतजार कर रहे हजारों परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। जनपद ऊधमसिंह नगर के बागवाला क्षेत्र में ₹156 करोड़ की लागत से निर्मित 1,872 आवास अब पूरी तरह तैयार हैं और जल्द ही पात्र लाभार्थियों को उनका आवंटन किया जाएगा। आवासों के लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को बागवाला (रुद्रपुर) पहुंचकर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित आवासीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई और परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र परिवारों को जल्द से जल्द उनके अपने घर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से लाभार्थियों के चयन, आवंटन प्रक्रिया और उनके द्वारा जमा की गई अंशदान राशि की जानकारी भी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लोकार्पण से पहले सभी आवश्यक कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक आवास के निर्माण में ₹3 लाख की सहायता सरकार द्वारा प्रदान की जाती है, जबकि ₹3 लाख का अंशदान लाभार्थी द्वारा जमा किया जाता है।

उन्होंने बताया कि आवासों की साफ-सफाई, फिनिशिंग और अन्य अंतिम तैयारियां तेजी से चल रही हैं। साथ ही पूरे परिसर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराया जा रहा है, जिससे आवासीय क्षेत्र को हरित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।

उन्होंने बताया कि परियोजना में आधुनिक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। परिसर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किया गया है, जिसकी सफल टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। इसके माध्यम से अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा, जिससे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित होगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवंटन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को शीघ्र ही उनके नए घरों की चाबियां सौंपी जा सकें।

इस अवसर पर एएसपी स्वप्न किशोर, एसडीएम गौरव पाण्डेय, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता नरेन्द्र नवानी, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी सहित विकास प्राधिकरण एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *