बड़ी खबर: तबादलों की उल्टी गिनती शुरू, 30 जून को कई विभागों में होंगे बंपर ट्रांसफर

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी विभागों में लंबे समय से प्रतीक्षित तबादलों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। सामान्य तबादला सत्र 2026-27 के तहत 30 जून अंतिम तिथि है और अब सिर्फ एक दिन शेष बचा है। शासन पहले ही विभागों को 20 दिन का अतिरिक्त समय दे चुका है, जिसके चलते मंगलवार को कई विभागों में बड़े पैमाने पर अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादला आदेश जारी होने की संभावना है।
तबादला एक्ट के अनुसार हर वर्ष मार्च से सामान्य तबादलों की प्रक्रिया शुरू होकर 10 जून तक पूरी हो जानी चाहिए, लेकिन इस बार कई विभाग निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके। इसके बाद विभागों के अनुरोध पर शासन ने 30 जून तक का अतिरिक्त समय दिया।
अंतिम दिन जारी होंगे आदेश, दबाव से बचने की रणनीति
कई विभागों के प्रमुखों का कहना है कि तबादला सूची पहले जारी करने पर संशोधन और सिफारिशों का दबाव बढ़ जाता है। यही कारण है कि अधिकांश विभाग अंतिम दिन यानी 30 जून को ही तबादला आदेश जारी करने की तैयारी में हैं, ताकि किसी प्रकार के बदलाव की मांग से बचा जा सके।
इन विभागों में हो सकते हैं बड़े पैमाने पर तबादले
सूत्रों के अनुसार सिंचाई, वन, आयुर्वेद, होम्योपैथिक सहित कई अन्य विभागों में तबादला सूची लगभग तैयार है।
सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता सुभाष पांडे ने बताया कि विभाग की सूची तैयार कर ली गई है और जल्द आदेश जारी किए जाएंगे। वहीं होम्योपैथिक विभाग भी 30 जून को सूची जारी करने की तैयारी में है। वन विभाग में भी अधिकारियों के तबादलों की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
शिक्षा विभाग फिर मांग सकता है अतिरिक्त समय
दूसरी ओर, शिक्षा विभाग अभी तक कर्मचारियों और अधिकारियों के तबादलों की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी होना मुश्किल है, इसलिए शासन से एक बार फिर अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया जा सकता है।
30 जून पर टिकी सभी की नजरें
अब प्रदेशभर के हजारों अधिकारी और कर्मचारी 30 जून का इंतजार कर रहे हैं।
माना जा रहा है कि अंतिम दिन शासन और विभिन्न विभागों की ओर से बड़ी संख्या में तबादला आदेश जारी किए जाएंगे, जिससे लंबे समय से लंबित तबादलों का रास्ता साफ होगा।






