उत्तराखंड

**लालकुआं की 25 एकड़ रोड बनी ‘मौत की सड़क’ , लोगों का कहना क्या किसी इंसानी जान के जाने के बाद ही जिम्मेदार अधिकारी हरकत में आएंगे ?

खबर शेयर करें -

* *जमरानी नहर का अधूरा काम, सड़क-नहर एक — हर दिन हादसे को खुला न्योता**

लालकुआं।

लालकुआं की 25 एकड़ रोड इन दिनों लोगों के लिए सुविधा नहीं, बल्कि जानलेवा खतरा बन चुकी है। जमरानी प्रोजेक्ट के तहत बन रही जमरानी नहर का काम इसी सड़क पर आकर ठप पड़ गया है, जिससे हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं। हाल यह है कि सड़क और नहर में अब फर्क करना मुश्किल हो गया है।
जमरानी नहर निर्माण के दौरान पहले से मौजूद छोटी नहर को काटकर उसे और चौड़ा कर दिया गया, लेकिन उसके बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया। नतीजा यह हुआ कि आसपास की कॉलोनियों का पानी अब सीधे सड़क को काटते हुए नहर में समा रहा है। जगह-जगह गहरे गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे सड़क पूरी तरह नहर का रूप ले चुकी है।

*रात में गुजरना मतलब मौत से सामना*

रात्रि के समय इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों के लिए यह सड़क खतरे की घंटी बन गई है। अंधेरे में सड़क और नहर का अंदाजा लगाना लगभग नामुमकिन है, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है।

*भारी ट्रैफिक, संकरी सड़क और अतिक्रमण*

यह मार्ग लालकुआं का अत्यधिक व्यस्त रोड है, जहां सुबह से लेकर शाम तक भारी ट्रैफिक बना रहता है। वहीं सड़क के दूसरी ओर छोटे फड़ दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। सड़क संकरी हो चुकी है और सामने नहर का गड्ढा — यानी जरा सी चूक, सीधा मौत के मुंह में।

*गड्ढों में गिर रहे जानवर, प्रशासन बेखबर*

नहर निर्माण के लिए की गई खुदाई को बिना सुरक्षा उपायों के छोड़ दिया गया है। गड्ढों में अत्यधिक पानी भर जाने के कारण आए दिन छोटे-बड़े जानवर गिर रहे हैं, कई कुत्तों की तो मौत तक हो चुकी है। बावजूद इसके प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।

*क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार?*

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन शायद किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जागेगा। सवाल यह है कि क्या किसी इंसानी जान के जाने के बाद ही जिम्मेदार अधिकारी हरकत में आएंगे?

लालकुआं की 25 एकड़ रोड पर हालात साफ इशारा कर रहे हैं कि अगर जल्द नहर निर्माण पूरा कर सड़क की मरम्मत और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हुई, तो यह रास्ता किसी भी दिन भयानक हादसे का गवाह बन सकता है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *