59 हल्द्वानी विधानसभा में विजय कर्नाटक बने एसआईआर कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने वाले पहले बीएलओ

हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत 59 हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम हल्द्वानी के कार्मिक (लिपिक) एवं बीएलओ विजय कर्नाटक ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अपना कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। इसके साथ ही वह विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर का कार्य पूर्ण करने वाले पहले बीएलओ बन गए हैं।
रानीबाग क्षेत्र, नई बस्ती और रोडवेज डिपो के पास स्थित कमेटी लाइन क्षेत्र में बीएलओ की जिम्मेदारी संभाल रहे विजय कर्नाटक ने अभियान की शुरुआत से ही दिन-रात मेहनत कर मतदाताओं से संपर्क स्थापित किया और आवश्यक प्रपत्र भरवाने का कार्य पूरी निष्ठा के साथ संपन्न किया। उनके अथक प्रयास, निरंतरता और समर्पण के चलते सोमवार 22 जून को निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया।
कार्य पूर्ण होने के बाद इसकी रिपोर्ट सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी को सौंप दी गई। उपलब्धि पर सिटी मजिस्ट्रेट ने विजय कर्नाटक की सराहना करते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की और नगर आयुक्त पारितोष वर्मा को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की जानकारी दी।
विजय कर्नाटक ने अपनी सफलता का श्रेय सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, बीएलओ सुपरवाइजर विनोद भट्ट, अतिरिक्त एईआरओ राजेश पांडे, अपने सहयोगियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए तथा क्षेत्र की जागरूक जनता को दिया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के सहयोग और सकारात्मक सहभागिता के बिना यह लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं था।
उन्होंने क्षेत्र के सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने अभियान के दौरान उन्हें भरपूर सहयोग और सम्मान दिया, जिससे निर्धारित समय में कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका।
फोटो कैप्शन: एसआईआर अभियान का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने वाले बीएलओ विजय कर्नाटक।





