देहरादून पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, कई थाना प्रभारियों के तबादले

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने विभिन्न कोतवाली और शाखाओं में तैनात निरीक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार, निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट को रिजर्व पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश बनाया गया है। वहीं, कैलाश चंद्र भट्ट को कोतवाली ऋषिकेश से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हरिओम राज चौहान को कोतवाली नगर से स्थानांतरित कर प्रभारी चुनाव सेल पुलिस कार्यालय भेजा गया है।
इसके अलावा राकेश गुसाईं को रिजर्व पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डोईवाला नियुक्त किया गया है, जबकि कमल कुमार लुंठी को कोतवाली डोईवाला से थाना रायवाला का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
वहीं, संतोष सिंह कुंवर को कोतवाली डालनवाला से शिकायत प्रकोष्ठ शाखा का प्रभारी बनाया गया है। दूसरी ओर नरेंद्र सिंह गहलावत को शिकायत प्रकोष्ठ शाखा से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डालनवाला की जिम्मेदारी दी गई है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रदेश सरकार ने आईपीएस, पीपीएस और पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी व्यापक फेरबदल किया था। ऐसे में देहरादून पुलिस में हुआ यह बदलाव प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।







