लालकुआं स्टेशन पर सनसनीप्लेटफार्म पर गश खाकर गिरा यात्री, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित


लालकुआं | बड़ी खबर
लालकुआं रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुरादाबाद से पहुंची पैसेंजर ट्रेन से उतरते ही एक बुजुर्ग यात्री अचानक प्लेटफार्म पर बेहोश होकर गिर पड़ा। कुछ ही पलों में यह घटना दर्दनाक मौत में तब्दील हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 60 से 65 वर्ष की उम्र का बुजुर्ग व्यक्ति प्लेटफार्म नंबर दो पर उतरने के बाद बेंच पर बैठा ही था कि अचानक उसे चक्कर आया और वह मुंह के बल जमीन पर गिर पड़ा। घटना देख आसपास मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना जीआरपी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी प्रभारी सतपाल सिंह पटवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में बुजुर्ग को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं पहुंचाया गया। यहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेमलता शर्मा ने सीपीआर देकर जान बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान न हो पाने के चलते जीआरपी पुलिस ने मेमो भेजकर सिविल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद लालकुआं कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी समेत पुलिस व चिकित्सा स्टाफ मौके पर मौजूद रहा। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी हुई है।
जीआरपी चौकी प्रभारी सतपाल सिंह पटवाल ने बताया कि ट्रेन से उतरते ही अज्ञात व्यक्ति अचानक गिर पड़ा था। पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और पहचान के प्रयास जारी हैं।






