उत्तराखंड में बर्फबारी के बीच हिमस्खलन का अलर्ट, 5 जिलों में खतरे की चेतावनी

देहरादून,
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मौसम के बिगड़ते तेवर के बीच शासन ने बड़ा अलर्ट जारी किया है।
भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना को देखते हुए राज्य के पांच जिलों में हिमस्खलन (एवलांच) का खतरा जताया गया है। इसे लेकर संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
चंडीगढ़ स्थित Defence Geoinformatics Research Establishment (DGRE) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 20 मार्च की शाम से लेकर 21 मार्च की शाम तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ हिमस्खलन की आशंका बनी हुई है।
पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों को ज्यादा संवेदनशील मानते हुए डेंजर लेवल-3 में रखा गया है, जबकि रुद्रप्रयाग और बागेश्वर को डेंजर लेवल-1 श्रेणी में रखा गया है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि बर्फबारी के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। घरों और अन्य ढांचों की छतों पर जमा हो रही बर्फ को समय-समय पर हटाते रहें, ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
इसके अलावा, जिन इलाकों में पहले हिमस्खलन की घटनाएं हो चुकी हैं, वहां विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। यदि कहीं अत्यधिक बर्फबारी हो रही हो, तो अस्थायी रूप से निचले क्षेत्रों में शिफ्ट होने की भी सलाह दी गई है।
प्रशासन ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है और जरूरत पड़ने पर राहत व बचाव कार्य के लिए टीमों को तैयार रहने को कहा गया है। आने वाले 24 घंटे पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अहम माने जा रहे हैं, ऐसे में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।








