उत्तराखंड

नैनीताल में बड़ा हादसा: होटल की दूसरी मंजिल की खिड़की से 20 फीट नीचे गिरा 3 वर्षीय मासूम, गंभीर हालत में दिल्ली रेफर

खबर शेयर करें -

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मध्य प्रदेश से परिवार के साथ घूमने आए एक पर्यटक का तीन वर्षीय मासूम होटल की दूसरी मंजिल की खिड़की से करीब 20 फीट नीचे गिर गया। हादसे में बच्चे के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पहले हल्द्वानी और फिर बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश निवासी विशाल सैनी अपने परिवार के साथ नैनीताल भ्रमण पर आए थे और मल्लीताल क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह उनका तीन वर्षीय पुत्र गौरांत कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान परिजनों का कुछ क्षण के लिए ध्यान हट गया और मासूम होटल की खिड़की से नीचे जा गिरा।

घटना के बाद होटल और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉ. सुनील परिहार ने बताया कि बच्चे के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया।

हल्द्वानी में चिकित्सकों द्वारा की गई जांच में बच्चे की सिर की हड्डी और गर्दन में गंभीर चोट की पुष्टि हुई। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया।

फिलहाल बच्चे का दिल्ली में उपचार जारी है। घटना के बाद परिवार सदमे में है। यह हादसा होटल में छोटे बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और अभिभावकों की अतिरिक्त सतर्कता की आवश्यकता को भी उजागर करता है।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles