चंपावत दौरे पर आईजी कुमाऊं ने, भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा


चंपावत। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती (आईपीएस) ने रविवार को जनपद चंपावत का भ्रमण कर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बनबसा सीमा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली, सुरक्षा इंतजामों और सतर्कता का जायजा लिया। साथ ही जनपद के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आईजी कुमाऊं ने बनबसा स्थित भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण करते हुए सीमा पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था हर स्तर पर चाक-चौबंद रहनी चाहिए।
इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जनपद प्रभारी एवं सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान, यातायात प्रबंधन तथा लंबित विवेचनाओं की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक के दौरान आईजी ने अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील, जवाबदेह और परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपराधों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनावरण, महिला एवं बाल सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने, साइबर अपराधों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जनता के साथ बेहतर संवाद, शिकायतों का त्वरित निस्तारण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करें ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
(स्रोत: मीडिया सेल, कुमाऊं रेंज नैनीताल)



