लालकुआँ में आँचल दुग्ध संघ का बड़ा एक्शन प्लान,दूध की गुणवत्ता से समझौता नहीं—विपणन और कोल्ड चैन को मजबूत करने के निर्देश


लालकुआँ।
नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों के पर्यवेक्षकों, मार्ग प्रभारियों और डिपो प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपनिदेशक संजय उपाध्याय भी मौजूद रहे।
बैठक में दुग्ध गुणवत्ता नियंत्रण, विपणन व्यवस्था और कोल्ड चैन सिस्टम को और अधिक सुदृढ़ करने को लेकर गहन चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य दुग्ध विक्रय प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और उपभोक्ता हितैषी बनाना रहा।
इस दौरान विक्रेताओं और उपभोक्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपभोक्ताओं से सीधे संवाद बढ़ाने, लैक्टोमीटर व एडल्टरेशन किट का वितरण करने तथा दुग्ध गुणवत्ता से संबंधित जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आँचल दुग्ध संघ में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की आपूर्ति को समयबद्ध और पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संघ को मजबूत बनाने के लिए फील्ड स्तर पर अनुशासन और आपसी समन्वय बेहद जरूरी है।
उपनिदेशक संजय उपाध्याय ने क्षेत्रीय पर्यवेक्षकों को मार्गों का नियमित निरीक्षण करने और दुग्ध परिवहन व्यवस्था की लगातार निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विक्रेताओं एवं उपभोक्ताओं से जुड़ी किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए, ताकि संघ की विश्वसनीयता बनी रहे।
बैठक में दुग्ध गुणवत्ता जांच प्रणाली को और अधिक मजबूत करने, संघ की सदस्यता बढ़ाने और दुग्ध आपूर्ति में वृद्धि के लिए ठोस प्रयासों पर सहमति बनी। साथ ही संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने और फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, विपणन अधीक्षक विजय सिंह चौहान सहित विपिन तिवारी, हेमन्त पाल, जितेंद्र खोलिया, चन्द्र प्रकाश जोशी, महेश पांडे, कुलदीप रैकवाल, लोकेश शर्मा, मनोज कुमार, सुदर्शन, पारस, सुमित तिवारी, सुमित पांडे समेत अन्य अधिकारी और विपणन प्रभारी मौजूद रहे।








