हल्दूचौड़ में कचरा निस्तारण पर बड़ा कदम, भा.ति.सी. पुलिस ने शुरू किया जागरूकता अभियान

हल्दूचौड़ | रिपोर्ट
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए 34वीं भा.ति.सी. पुलिस, हल्दूचौड़ में कचरा निस्तारण विषय पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उप महानिरीक्षक श्री रवि कुमार पंडिता के निर्देश पर क्षेत्रीय मुख्यालय (अल्मोड़ा) के अधीनस्थ वाहिनियों के लिए आयोजित किया गया।

इस अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के सेवानिवृत्त आईजी श्री पूरण सिंह रावत ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अपने संबोधन में “मदर कल्चर” एवं “वेस्ट डीकंपोजर” तकनीक के महत्व को विस्तार से समझाया।

उन्होंने बताया कि इन तकनीकों के माध्यम से जैविक कचरे का वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण संभव है। इससे कचरे को कम समय में उपयोगी जैविक खाद में बदला जा सकता है, जो पौधारोपण और हरियाली बढ़ाने में बेहद कारगर है।
श्री रावत ने यह भी जोर देकर कहा कि यह प्रक्रिया बेहद सरल है, इसे बिना किसी अतिरिक्त खर्च के अपनाया जा सकता है और इसके लिए विशेष प्रशिक्षण की भी आवश्यकता नहीं होती। ऐसे में भा.ति.सी. पुलिस की सभी वाहिनियों में इसे लागू कर स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और प्रकृति संरक्षण को मजबूत किया जा सकता है।
यह पहल न केवल पुलिस बल के भीतर जागरूकता बढ़ाएगी, बल्कि समाज में भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश देगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के प्रयास भविष्य में स्वच्छ और हरित वातावरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकते हैं।





