हल्द्वानी: गौला पुल से छलांग लगाने वाले 17 वर्षीय छात्र प्रियांशु का शव बरामद, एसडीआरएफ ने घंटों की मशक्कत के बाद निकाला


हल्द्वानी। गौला पुल से छलांग लगाने वाले 17 वर्षीय छात्र प्रियांशु का शव सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गौला नदी से बरामद कर लिया। रविवार शाम से शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान देर रात तक जारी रहा, लेकिन अंधेरा, तेज बहाव और गहरे पानी के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद चेक डैम के गहरे पानी से किशोर का शव बाहर निकाला गया।
शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
तहसीलदार कुलदीप पांडे ने बताया कि मृतक की पहचान प्रियांशु (17 वर्ष), निवासी मोतीनगर, हल्द्वानी के रूप में हुई है। वह 12वीं कक्षा का छात्र था। रविवार शाम उसने गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
रविवार देर रात तक लगातार खोजबीन की गई, लेकिन पानी की गहराई और अंधेरे के चलते अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया और कई घंटों की तलाश के बाद प्रियांशु का शव चेक डैम के गहरे पानी से बरामद कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि छात्र ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।


