उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज: कई जिलों में ओलावृष्टि और 60 किमी रफ्तार की आंधी का ऑरेंज अलर्ट

खबर शेयर करें -

देहरादून।

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार को हुई बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंडक बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि और करीब 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रविवार सुबह देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहे और कई जगह हल्की बूंदाबांदी हुई। दिन में कुछ समय के लिए मौसम साफ हुआ और तेज धूप निकली, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ले ली। काले घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। आकाशीय बिजली की चमक और तेज बौछारों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे शाम होते-होते ठंडक महसूस होने लगी। देर रात तक कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक 16 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। वहीं हरिद्वार, उधमसिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में ओलावृष्टि और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने का अनुमान है। पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है।

17 मार्च को राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी जिलों में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 18 मार्च को पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना है।

19 और 20 मार्च को भी प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अनुमान है। वहीं मैदानी जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *