उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड:- प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों पर मुख्य सचिव की सख्ती, नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

खबर शेयर करें -

देहरादून। प्रदेश में खाद्यान्न एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों को लेकर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेशभर में खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल, एलपीजी सहित अन्य जरूरी उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता एवं मूल्य स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने आयुक्त खाद्य बी. एल. राणा से प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की वर्तमान स्थिति और बाजार व्यवस्था की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर निर्बाध रूप से उपलब्ध हों, इसके लिए लगातार और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि बाजार में खाद्य सामग्री, ईंधन एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी या मूल्य वृद्धि से जनता को परेशानी न हो।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि कालाबाजारी, जमाखोरी और कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके लिए बाजारों, गोदामों और थोक विक्रेताओं की नियमित जांच और निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को राहत देने और बाजार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही चारधाम यात्रा से जुड़े जनपदों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में चीफ मार्केटिंग ऑफिसर एम.एस. विसेन, रीजनल मार्केटिंग ऑफिसर सी.एम. घिल्डियाल एवं उपायुक्त निधि रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles