उत्तराखंड

उत्तरायणी कौतिक में नृत्य प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

खबर शेयर करें -

लालकुआं।

जनता इंटर कॉलेज मेला मैदान, बिंदुखत्ता में आयोजित पांच दिवसीय उत्तरायणी कौतिक एवं मेले के चौथे दिन गुरुवार को सांस्कृतिक रंग खूब चढ़ा। स्कूलों और महिला समूहों के बीच आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया और पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमलेश चंदोला ने विशिष्ट अतिथि कांग्रेस नेता कुंदन सिंह मेहता व वनाधिकार समिति अध्यक्ष अर्जुन नाथ के साथ दीप प्रज्वलन कर किया। आयोजकों ने बताया कि यह पारंपरिक मेला 16 जनवरी तक चलेगा।

चौथे दिन क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के बीच लोकनृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें हाट कालिका इंटर कॉलेज, दानू इंटर कॉलेज, डॉ. सुशीला तिवारी इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज, मानवता पब्लिक स्कूल, ग्रेट मदर टेरेसा स्कूल और सेंट ला मार्ट स्कूल सहित कई संस्थानों के छात्र-छात्राओं और महिला समूहों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने पारंपरिक व सांस्कृतिक नृत्यों से उत्तराखंडी लोकसंस्कृति की झलक पेश की। प्रतियोगिता के परिणाम समापन दिवस पर घोषित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

इसके अलावा उत्तराखंड संस्कृति एवं सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीमों और क्षेत्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। मेले के दौरान निबंध, चित्रकला, मेहंदी, कबड्डी समेत अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि कमलेश चंदोला ने कहा कि उत्तरायणी कौतिक उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी की अपील की और प्रोत्साहन स्वरूप ओआरएस घोल व कंबल वितरण की घोषणा की।

कार्यक्रम में मेला समिति के संरक्षक देवी दत्त पांडे, प्रबंधक प्रभात पाल, मेला अधिकारी अजय गर्बयाल, सचिव प्रेम दानू, कोषाध्यक्ष नवीन पपोला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद कॉलोनी, उपाध्यक्ष पुष्कर दानू, उपसचिव विजय सामंत, मीडिया प्रभारी विपिन जोशी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

मेला समिति अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने बताया कि 16 जनवरी को दिन में लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जबकि समापन अवसर पर आयोजित भव्य स्टार नाइट में प्रसिद्ध लोक कलाकार माया उपाध्याय, जितेंद्र तोमक्याल, अमित बाबू गोस्वामी, शेर सिंह दानू, दीक्षा तोमक्याल और चेतन पांडे सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसी दिन नृत्य प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

फोटो कैप्शन:

*दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि कमलेश चंदोला व अन्य अतिथि।

*प्रस्तुति देती महिला समूह की महिलाएं।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *