
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज भारत मंडपम, नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हो रहे ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कार्यों को लेकर विस्तृत वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से केंद्र सरकार के समक्ष प्रदेश की प्रगति रखी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क अवसंरचना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सर्वसुलभ बनाने के उद्देश्य से ₹12,769 करोड़ की लागत से चारधाम महामार्ग परियोजना के अंतर्गत प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों का बड़े स्तर पर उन्नयन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी की प्रतिबद्धता और निरंतर सहयोग के चलते प्रदेश के कठिन पहाड़ी भूभाग में भी सड़क परियोजनाएं समयबद्ध और सफलतापूर्वक पूरी की जा रही हैं। वर्तमान में उत्तराखंड में 3,723 किलोमीटर का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क विकसित हो चुका है, जो राज्य के विकास की मजबूत रीढ़ बन रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि NHAI द्वारा डिजाइन किए गए 597 किमी मार्गों में से 336 किमी से अधिक का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके परिणामस्वरूप हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, रुद्रपुर, काशीपुर, हल्द्वानी और काठगोदाम जैसे प्रमुख शहर अब चौड़ी, आधुनिक और सुरक्षित सड़कों से जुड़ चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस वे, देहरादून और हरिद्वार बाईपास जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं न केवल यात्रा समय को कम करेंगी, बल्कि प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन और निवेश को भी नई गति देंगी।
बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा, श्री हर्ष मल्होत्रा सहित मंत्रालय और संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




