हल्द्वानी : (बड़ी खबर) नैनीताल जिले में कल भी स्कूलों की छुट्टी, भारी से अत्यंत भारी बारिश के अलर्ट पर डीएम का आदेश

हल्द्वानी। मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट के मद्देनज़र नैनीताल जिले में शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा 9 जुलाई 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार जिले में बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज से अत्यंत तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है। वर्तमान में जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है, जिससे नदियों, नालों और गधेरों का जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई (शुक्रवार) को अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को आदेश का पूर्ण अनुपालन करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि मौसम विभाग के अलर्ट को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।

