उत्तराखंड

देहरादून: उत्तराखंड में अगले 10 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 10 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

राज्य आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि बरसात के दौरान विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें। उन्होंने लोगों से अपने मोबाइल फोन में ‘सचेत’ ऐप डाउनलोड करने की अपील की, ताकि मौसम और आपदा से जुड़ी ताज़ा चेतावनियां समय पर मिल सकें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। राहत एवं बचाव दलों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

सचिव विनोद कुमार सुमन ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तराखंड पूरी तरह सुरक्षित है और श्रद्धालु बिना किसी भ्रम के चारधाम यात्रा पर आ सकते हैं। हालांकि उन्होंने यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रुकने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles